
गाजीपुर:गाजीपुर पत्रकार एसोसिएशन का चुनाव रविवार को गहमा- गहमी के बीच संपन्न हुआ। अध्यक्ष पद पर सूर्यवीर सिंह अपने प्रतिद्वंदी कमलेश यादव को 05 मतों से शिकस्त दिया सूर्यवीर सिंह को 41 मत तथा कमलेश यादव को 36 मत प्राप्त हुए। महामंत्री पद के लिए हुई मतगणना में आशुतोष त्रिपाठी को 45 मत तथा शिव प्रताप तिवारी को 32 मत प्राप्त हुए। आशुतोष त्रिपाठी ने अपने निकटतम प्रतिद्वंदी शिवप्रताप तिवारी को 13 मतों से हराया।चुनाव में कुल 78 मतों में 77 मत पड़ सके।
इसके अतिरिक्त उपाध्यक्ष के दो पदों पर दो उम्मीदवार तथा सहसचिव, कोषाध्यक्ष और आय व्यय निरीक्षक के पद पर मात्र एक एक उम्मीदवार होने के कारण उन्हें निर्विरोध निर्वाचित घोषित किया गया। उपाध्यक्ष पद पर वरिष्ठता के क्रम को ध्यान में रखते हुए उनकी आपसी सहमति के आधार पर श्री अभिनव चतुर्वेदी को वरिष्ठ उपाध्यक्ष तथा सुशील कुमार उपाध्याय को कनिष्ठ उपाध्यक्ष घोषित किया गया। इसी प्रकार सह सचिव पद पर श्री विनय कुमार तिवारी, कोषाध्यक्ष पद पर श्री राम मनोज त्रिपाठी तथा आय व्यय निरीक्षक पद पर इन्द्रासन यादव को निर्विरोध विजयी घोषित किया गया।
एसोसिएशन के संरक्षक अशोक श्रीवास्तव तथा चुनाव अधिकारी डॉ.ए.के. राय, विनय कुमार सिंह, दुर्गविजय सिंह तथा रविकान्त पाण्डेय द्वारा विजयी उम्मीदवारों को प्रमाण पत्र प्रदान किया गया। चुनाव सकुशल संपन्न होने पर संरक्षक अशोक श्रीवास्तव ने चुनाव अधिकारियों सहित सभी पदाधिकारियों व सम्मानित सदस्यों को धन्यवाद ज्ञापित किया।